*ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत गांव नागपुर में नशा मुक्ति शिविर, 17 उपचाराधीन नशा पीड़ितों का लिया फॉलोअप*
*– सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत पुलिस, आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से लगाया शिविर*
*– काउंसलिंग के बाद उपचाराधीन पीड़ितों को दोबारा दवा उपलब्ध करवाकर नशामुक्त जीवन के लिए किया प्रेरित*
फतेहाबाद, 07 अक्टूबर। नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को उपचार, काउंसलिंग एवं नियमित फॉलोअप के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन जीवन ज्योति” के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर लाल ने द्वारा इस अभियान के तहत “सेवा संकल्प कार्यक्रम” के अंतर्गत गांव नागपुर में आयुष विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पहले से उपचार ले रहे 17 नशा पीड़ितों का फॉलोअप करते हुए उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की प्रगति के बारे में जानकारी ली गई।
नशा मुक्ति टीम के सदस्यों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा सभी उपचाराधीन पीड़ितों की व्यक्तिगत रूप से काउंसलिंग की गई। उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवा लेने, उपचार को बीच में न छोड़ने तथा किसी भी परिस्थिति में दोबारा नशे की ओर न लौटने के लिए प्रेरित किया गया। काउंसलिंग के उपरांत सभी 17 उपचाराधीन नशा पीड़ितों को पुनः आवश्यक दवा उपलब्ध करवाई गई।
इस दौरान पीड़ितों के परिजनों को भी नशा मुक्ति की प्रक्रिया में सहयोग की भूमिका के बारे में समझाया गया। टीम ने कहा कि परिवार का सकारात्मक सहयोग, नियमित उपचार और पीड़ित की दृढ़ इच्छाशक्ति नशे से छुटकारा पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ एक ओर जहां नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं काउंसलिंग से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास भी निरंतर जारी हैं।
Uklana, Hissar | Oct 7, 2026