बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील तटबंधों की 24 घंटे निगरानी
जहानाबाद। संभावित बाढ़ एवं आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने घोसी प्रखंड एवं उदेरास्थान बराज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की सुरक्षा, कटाव प्रभावित स्थलों, जलस्तर और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीएम ने संवेदनशील एवं कमजोर तटबंधों की 24 घंटे निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बालू की बोरियां, जियो बैग, बोल्डर सहित अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में पहले से उपलब्ध रखी जाए। जलस्तर बढ़ने पर लोगों को समय पर सूचना देने के लिए माइकिंग और सायरन व्यवस्था को भी सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
आपात स्थिति में प्रभावित लोगों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए नाव, राहत शिविर, पेयजल, प्रकाश, शौचालय सहित जरूरी सुविधाओं की अग्रिम व्यवस्था रखने को कहा गया। बराज एवं जल निकासी संरचनाओं की नियमित तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत समय पर पूरा कराने का निर्देश भी दिया गया।
डीएम ने अधिकारियों को आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, स्थानीय प्रशासन और तकनीकी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ नियंत्रण एवं राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।