रायसेन में सांची विधायक डॉ चौधरी ने 2.84 करोड़ रू लागत के बहुउद्देशीय भवन का किया लोकार्पण
इस बहुउद्देशीय भवन से शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ परीक्षा आयोजन में मिलेगी सुविधा
–––
–––
रायसेन स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित बहुउद्देश्यीय भवन और 15.68 लाख रुपए की लागत से बने पुस्तकालय भवन का आज सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा लोकार्पण किया गया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का भ्रमण किया तथा जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने उपस्थित विद्यार्थियों तथा आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि जब वह स्कूल शिक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने इस बहुउद्देश्यीय भवन को स्वीकृत कराया था। करीब 10 हजार वर्गफीट में बने इस भवन में 5-5 हजार वर्गफीट के दो बड़े हॉल और पुस्तकालय की सुविधा शामिल है। उन्होंने बताया कि ओपन बोर्ड के माध्यम से स्वीकृत यह भवन शिक्षा विभाग के लिए जिले में एक महत्वपूर्ण सुविधा है। यहां छात्राओं के कार्यक्रमों के साथ जिलेभर के सांस्कृतिक आयोजन, जिला स्तरीय परीक्षाएं और ओपन बोर्ड की परीक्षाएं भी आयोजित की जा सकेंगी। इससे अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि जिले में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सांची विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को और सुविधाजनक बनाने के लिए लगभग 100 करोड़ रू लागत से विभिन्न 46 सड़कों की स्वीकृति कराई गई है। उन्होंने बताया कि इन सड़कों की डीपीआर तैयार कराने और अलाइनमेंट तय करने के लिए उन्होंने स्वयं प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#Raisen
29 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026