उद्यमियों से सीधा संवाद, कलेक्टर ने कहा—मेहनत से छोटा उद्यम भी बन सकता है बड़ा कारोबार
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ‘उद्यम संवाद’ आयोजित, उद्यमियों ने साझा किए अनुभव और योजनाओं से मिले लाभ
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मंगलवार को रेस्ट हाउस डिंडौरी में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के छोटे-बड़े उद्यमों से जुड़े उद्यमियों एवं विभिन्न समूहों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
संवाद के दौरान उद्यमियों ने अपने व्यवसाय और उद्यम की जानकारी साझा करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता, सब्सिडी एवं अन्य सुविधाओं से मिले लाभ के बारे में बताया। उन्होंने अपने उद्यमों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी।
‘मेहनत और नवाचार से सफलता निश्चित’
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि दैनिक जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ जिले के आर्थिक विकास के लिए उद्यमों को बढ़ावा देना जरूरी है। शासन द्वारा उद्यमियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से आर्थिक सहायता, भूमि और सब्सिडी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि कोई भी उद्यम छोटा या बड़ा नहीं होता। मेहनत, लगन और नवाचार के साथ छोटा उद्यम भी बड़े कारोबार का रूप ले सकता है। उन्होंने उद्यमियों से निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि उद्यम संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकारी योजनाओं की सुविधाओं की दी जानकारी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने भी विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को मिलने वाले लाभ एवं सुविधाओं की जानकारी दी। संवाद में उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने जिले में स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद की है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी सहित उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के उद्यमी मौजूद रहे।
#Dindori #UdyamSamvad #Entrepreneurship #MadhyaPradesh #BreakingNews