आपदा मित्रों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर, हादसे में मदद और मुआवजा योजनाओं की दी जानकारी
हिट एंड रन मामलों में सहायता राशि से लेकर राहवीर योजना तक दी जानकारी, रोप रेस्क्यू का कराया मॉक ड्रिल
मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में होमगार्ड कार्यालय डिंडौरी में चल रहे युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के छठवें दिन प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और आपदा के दौरान राहत-बचाव की तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में यातायात प्रभारी श्री सुभाष उइके ने आपदा मित्रों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हिट एंड रन मोटर दुर्घटना प्रतिकार योजना-2022 के तहत गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की सहायता राशि के प्रावधान की जानकारी दी।
इसके साथ ही राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन अवधि में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि और प्रशंसा प्रमाण-पत्र दिए जाने के संबंध में भी बताया गया।
यातायात नियमों के पालन की दिलाई समझाइश
आपदा मित्रों को हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, मोटरसाइकिल पर दो से अधिक लोगों के नहीं बैठने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने सहित अन्य यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
हाईराइज भवन से रोप रेस्क्यू का कराया मॉक ड्रिल
प्रशिक्षण के दौरान भूकंप, आगजनी, आतंकी हमले अथवा अन्य आपदाओं की स्थिति में हाईराइज भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रोप रेस्क्यू का मॉक ड्रिल कराया गया। प्रतिभागियों को आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने की तकनीक समझाई गई।
नगर पालिका की फायर टीम ने अस्पताल, शासकीय भवन, स्कूल-कॉलेज एवं अन्य बड़े भवनों में आग लगने की स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई और फायर टीम की भूमिका की जानकारी दी। आपदा मित्रों को फायर ब्रिगेड टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
#Dindori #AapdaMitra #RoadSafety #TrafficRules #BreakingNews