ग्राम नवेगांव में शक्ति संचय अभियान के तहत क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
===========================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं उपस्थिति तथा विकासखंड समन्वयक सुश्री अफ्शा खान के मार्गदर्शन में चौरई विकासखंड के ग्राम नवेगांव में शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
प्रशिक्षण में जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने समितियों के दायित्व निर्धारण, दस्तावेजीकरण, बाल संस्कार एवं नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने सामूहिकता एवं स्वैच्छिकता के माध्यम से ग्राम स्तर पर कार्यकर्ताओं को नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों को स्वयं अपने गांव की समस्याओं का चिन्हांकन कर सामूहिक प्रयासों से उनका समाधान करना चाहिए।
विकासखंड समन्वयक सुश्री अफ्शा खान ने नवांकुर योजना, प्रस्फुटन योजना, सृजन एवं प्रस्फुटन समितियों के कार्यों तथा उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी। नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री संदीप शर्मा ने स्वयंसेवी संगठनों के महत्व एवं उनकी कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
परामर्शदाता श्रीमती संगीता पांडे ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों, लक्ष्यों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजीकरण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं परामर्शदाता श्री गहर सिंह ने संवाद कौशल, उसके उद्देश्य, विशेषताओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर विकासखंड समन्वयक द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उनसे प्रशिक्षण के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों एवं नवांकुर सखी की उपस्थिति रही।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
40 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026