पौनार में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय शक्ति संचय प्रशिक्षण संपन्न
संगठन सशक्तीकरण, दस्तावेजीकरण और जनभागीदारी पर दिया गया जोर
==========================
ग्राम विकास को गति देने और सामाजिक संगठनों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड अमरवाड़ा के ग्राम पंचायत भवन पौनार में गुरुवार को प्रस्फुटन समितियों की एक दिवसीय शक्ति संचय कार्यशाला आयोजित की गई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशानुसार विकासखंड अमरवाड़ा के सेक्टर पौनार अंतर्गत नवांकुर संस्था उग्र प्रभा जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में पौनार, चिखलीवाला, धसनवाड़ा, छुई एवं हथौड़ा की प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय, उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने ग्राम विकास में जनभागीदारी की भूमिका को रेखांकित करते हुए समितियों को सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
स्वामी विवेकानंद ग्रामोत्थान समिति के अध्यक्ष श्री सूरसिंह वर्मा ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण एवं संवाद कौशल की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने व्यवस्थित अभिलेख संधारण और प्रभावी संवाद को समितियों की कार्यप्रणाली बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। परामर्शदाता डॉ. राजकुमार मालवी ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को स्वयंसेवी संगठनों के रूप में उन्नत करने के विषय में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता, संगठनात्मक क्षमता और ग्रामीण विकास के प्रति जिम्मेदारी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यशाला के समापन अवसर पर नवांकुर संस्था प्रमुख श्री नीलेश डेहरिया ने उपस्थित समितियों के सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान श्री पदम डेहरिया, श्री प्रवीण वर्मा, श्री मंजेश डेहरिया, श्री गजेन्द्र वर्मा, श्री नीतेश वर्मा, श्री राकेश वर्मा एवं श्री जगतसिंह ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में सर्प मित्र श्री संस्कार सरयाम, श्री सहजाद कटारे तथा नवांकुर सखी के सदस्यों ने भी सहभागिता की। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला के समापन की घोषणा की गई। कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीण विकास में सक्रिय समितियों, जागरूक नागरिकों और सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर जोर दिया गया। ग्राम स्तर पर इन प्रयासों से गांवों को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
19 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026