रैम्प योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र का दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम संपन्न
स्थानीय उद्यमियों को बाजार, निर्यात और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने की दी गई जानकारी
=========================
रैम्प योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र पर आयोजित दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का अंतिम चरण गत दिवस द करण होटल छिंदवाड़ा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा किया गया। इसमें एमएसएमई इकाइयों के व्यवसाय को सुगम बनाने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में रैम्प योजना पर विषय विशेषज्ञ श्री हरिकांत गुप्ता, हल्दीराम के प्रतिनिधि श्री संजय धर्माले, वॉलमार्ट वृद्धि पर श्री समीर मिस्त्री, एमपी टूरिज्म के प्रतिनिधि श्री असद खान तथा जैप्टो पर श्री तेजस दिवाने ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही स्थानीय उद्यमियों के साथ बायर-सेलर मीट का भी आयोजन किया गया। हल्दीराम एवं जैप्टो के प्रतिनिधियों ने बताया कि छिंदवाड़ा कृषि प्रधान जिला है। यहां से कृषि आधारित उत्पादों, जैसे फल और सब्जियों आदि की नागपुर में बिक्री की अपार संभावनाएं हैं।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने पर हुई चर्चा - कार्यक्रम में छिंदवाड़ा जिले के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके निर्मित उत्पादों को फ्लिपकार्ट, अमेजन, मीशो आदि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड कराने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही छोटे उद्यमों को गुणवत्ता प्रमाणन, जैसे ZED सर्टिफिकेट आदि की प्रक्रिया की जानकारी दी गई, जिससे उनके उद्यमों का मूल्य संवर्धन हो सके।
जैविक उत्पादों के निर्यात पर भी मिला मार्गदर्शन - कार्यक्रम में जैविक उत्पादों के निर्माता भी शामिल हुए। उन्होंने अपने जैविक उत्पादों को निर्यात करने और व्यापक स्तर पर बाजार तक पहुंचाने के संबंध में सुझाव मांगे, जिस पर विषय विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़ी बड़ी कंपनियों की सहभागिता से स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को नवीन तकनीक, निर्यात संबंधी जानकारी और उत्पाद उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ओजस्वी शर्मा, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री सौरभ राय, सचिव श्री सुधीर शर्मा, मेसर्स रंगजी के प्रोपराइटर श्री गिरधर भंडारी सहित अन्य उद्यमी उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
26 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026