ग्राम सुरलाखापा में प्रस्फुटन समितियों का शक्ति सृजन एवं क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
==============================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड हर्रई के अंतर्गत ग्राम सुरलाखापा के पंचायत भवन में आज सेक्टर क्रमांक 04 की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का शक्ति सृजन एवं क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था ग्राम विकास एवं जन कल्याण समिति पटनिया द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सुरलाखापा के रोजगार सचिव श्री बलराम यादव, सचिव श्री भागलाल सिंगरे, पत्रकार श्री सलीम खान, शेख चमन कुरैशी, समाजसेवी एवं ब्लॉक समन्वयक श्री आशीष नेमा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर नवांकुर संस्था ग्राम विकास एवं जनकल्याण समिति पटनिया के अध्यक्ष श्री अनिल डेहरिया एवं परामर्शदाता श्री प्रकाश परतेती भी उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत एवं वंदन किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में ब्लॉक समन्वयक श्री आशीष नेमा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की अवधारणा, उद्देश्य एवं लक्ष्यों की जानकारी देते हुए सामूहिकता, स्वावलंबन, जनभागीदारी, स्वैच्छिकता तथा समितियों के मध्य समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने परिषद की प्रस्फुटन योजना, नवांकुर योजना, सृजन, दृष्टि, संवाद, विस्तार एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, कृषि, सुपोषण, महिला सशक्तिकरण, शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सौर ऊर्जा संरक्षण जैसी गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण के दूसरे एवं तीसरे सत्र में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री अनिल डेहरिया ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों के संधारण तथा समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं, चौथे सत्र में संस्था के परामर्शदाता श्री प्रकाश परतेती ने संवाद कौशल की आवश्यकता एवं उसकी विभिन्न तकनीकों के बारे में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण में उपस्थित समिति के सदस्यों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री अनिल डेहरिया ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुरलाखापा सेक्टर क्रमांक 04 के अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, श्री मनोज इनवाती सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh