खाद्य सुरक्षा एवं नापतौल विभाग द्वारा बामनिया, राणापुर एवं झाबुआ में संयुक्त जांच
बामनिया में 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मिल्क केक जब्त, मिठाइयों के कुल 17 नमूने लिए गए
आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बामनिया, राणापुर एवं झाबुआ क्षेत्र में विभिन्न खाद्य एवं मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा टीम ने बामनिया स्थित जोधपुर स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ मिल्क केक का नमूना जांच के लिए लिया गया तथा लगभग 80 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 26 हजार 400 रुपये है।
जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा बर्फी, हवा मिल्क केक, पेठा, अंजीर बर्फी, मावा, बूंदी लड्डू, पिस्ता बर्फी, केसर बर्फी सहित विभिन्न मिठाइयों के कुल 17 नमूने जांच के लिए लिए गए। इन नमूनों को नियमानुसार गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान नापतौल विभाग द्वारा विधिक मापविज्ञान अधिनियम, 2009 एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जा रहे तौल उपकरणों की सत्यता एवं शुद्धता की जांच की गई। साथ ही ग्राहकों को विक्रय की जा रही मिठाइयों एवं अन्य वस्तुओं की मात्रा की भी जांच की गई।
बामनिया एवं राणापुर क्षेत्र के मिठाई प्रतिष्ठानों में निर्धारित मात्रा से कम तौल कर मिठाई का विक्रय करने तथा असत्यापित तौल उपकरणों का उपयोग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक मापविज्ञान अधिनियम, 2009 के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण एवं उपयोग अवधि की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वेलसिंह मोरी एवं श्री राहुल सिंह अलावा तथा नापतौल निरीक्षक श्री सचिन चौहान एवं श्री संजय पांचाल उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP