महर्षि अरविंद जी की जयंती पर जिला स्तरीय व्याख्यान माला आयोजित
महर्षि अरविंद के शिक्षा, अध्यात्म एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला झाबुआ द्वारा भारत के स्वतंत्रता संग्राम के प्रणेता एवं महान दार्शनिक महर्षि अरविंद जी की जयंती के अवसर पर संवाद योजना अंतर्गत जिला स्तरीय व्याख्यान माला का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र सभागृह, झाबुआ में किया गया। व्याख्यान माला में वक्ताओं ने महर्षि अरविंद के जीवन, राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, अध्यात्म एवं सामाजिक चेतना से जुड़े विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि अरविंद एवं मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात जिला एवं ब्लॉक समन्वयकों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। व्याख्यान माला में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में जिला निधि प्रमुख संघ श्री आदित्य बाजपेई, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री जगदीश सिसोदिया, सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री नीरज राठौर, कृषि वैज्ञानिक श्री जगदीश मौर्य एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्री दिवाकर तोमर उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता श्री आदित्य बाजपेई ने कहा कि महर्षि अरविंद एक क्रांतिकारी होने के साथ महान आध्यात्मिक चिंतक भी थे। उन्होंने संकल्प, कार्यपद्धति, निरंतर प्रयत्न एवं ईश्वर कृपा को सर्वोच्च महत्व दिया। महर्षि अरविंद का उद्देश्य मनुष्य को मनुष्य से जोड़कर समाज में मानवीय मूल्यों एवं सरलता की भावना को सुदृढ़ करना था।
जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री जगदीश सिसोदिया ने कहा कि महर्षि अरविंद के विचारों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवन में उतारना आवश्यक है। व्यक्ति का कार्य एवं व्यवहार ही उसके व्यक्तित्व का वास्तविक पैमाना होता है। उन्होंने सकारात्मक सोच, ध्यान एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज की अनेक समस्याओं का समाधान संभव है। व्यक्ति की जैसी दृष्टि होगी, उसे सृष्टि भी वैसी ही दिखाई देगी।
सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष श्री नीरज राठौर ने कहा कि ज्ञान की बातों को जानने के साथ उन्हें जीवन में आत्मसात करना अधिक महत्वपूर्ण है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं में परमार्थ का भाव जागृत कर दूसरों की भलाई के लिए कार्य करना चाहिए। महर्षि अरविंद के विचार हमें शून्य से शिखर तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं। समस्याओं से भागने के बजाय उनके निदान एवं समाधान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्री दिवाकर तोमर ने कहा कि महर्षि अरविंद समाज को आध्यात्मिकता एवं शिक्षा से जोड़कर आगे ले जाना चाहते थे। उनकी सोच अत्यंत व्यापक थी और वे अनेक भाषाओं के ज्ञाता थे। उन्होंने श्री अरविंद आश्रम की स्थापना कर आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कृषि वैज्ञानिक श्री जगदीश मौर्य ने महर्षि अरविंद के राष्ट्रवादी विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने भारतीय धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देशवासियों में स्वाधीनता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ किया।
स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम का परिचय देते हुए जिला समन्वयक श्री प्रेम सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा प्रतिवर्ष महापुरुषों की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में महर्षि अरविंद जी की जयंती को पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद ने समाज को शिक्षा एवं अध्यात्म की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
व्याख्यान माला में जिले की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के मेंटर्स, ब्लॉक समन्वयक थांदला सुश्री वर्षा डोडिया, ब्लॉक समन्वयक मेघनगर सुश्री रीना मिश्रा सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक रामा श्री तेज सिंह देव ने किया तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक झाबुआ श्री तोलिया डामोर ने किया।
कार्यक्रम के पश्चात मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की टीम द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद #Jhabua #JansamparkMP
1 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026