*बस्ती में मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन, 3558 लाभार्थियों को मिला 88.30 करोड़ का ऋण*
*जनपद बस्ती, 03 सितम्बर 2026।* जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप / ऋण मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक हर्रैया प्रतिनिधि सरोज मिश्र, कप्तानगंज प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, बस्ती सदर प्रतिनिधि मो० सलीम तथा एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से कुल *3558 लाभार्थियों को 8829.84 लाख रुपये यानी 88.30 करोड़ रुपये* का ऋण वितरित किया गया। इसमें *बस्ती जनपद के 1991 लाभार्थियों को 56.83 करोड़, सिद्धार्थनगर के 1188 लाभार्थियों को 27.44 करोड़ और संतकबीरनगर के 379 लाभार्थियों को 4.01 करोड़* का ऋण स्वीकृत किया गया। मेले में मंडल के सभी बैंकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से *मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, स्वरोजगार, लघु उद्यम और सौर ऊर्जा* से संबंधित योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृत किए गए, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक सिद्धार्थनगर आर.के. सिन्हा, संतकबीरनगर के पवन कुमार सिन्हा सहित मंडल के सभी जिला समन्वयक व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एन. मौर्य ने किया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 3, 2026