*ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने पर वेतन से वसूली के फरमान से भड़के जूनियर इंजीनियर, बस्ती में हुई आपातकालीन बैठक*
*जनपद बस्ती, 03 सितंबर 2026।* राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन बस्ती की एक आपातकालीन बैठक आज संगठन के भवन कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी खण्डों के अवर अभियंता और सहायक अभियंता (प्रोन्नत) मौजूद रहे। बैठक मुख्य रूप से वितरण ट्रांसफार्मरों के क्षतिग्रस्त होने के मामले को लेकर बुलाई गई थी। संगठन ने बताया कि मुख्य अभियंता कार्यालय द्वारा दिनांक 01/09/2026 को एक पत्र जारी किया गया था, जिसमें ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने पर उसकी मरम्मत का व्यय सीधे संबंधित अभियंताओं के वेतन से वसूलने का आदेश दिया गया है। इस आदेश से जनपद के सभी जूनियर इंजीनियरों में भारी आक्रोश है।
संगठन का कहना है कि ट्रांसफार्मरों की क्षतिग्रस्तता को रोकने के लिए पिछले कई महीनों से लगातार अधीक्षण अभियंता कार्यालय और मुख्य अभियंता कार्यालय से *फ्यूज वायर, लग्स, तेल, बुशिंग राड* आदि आवश्यक सामग्री की मांग की जा रही है, लेकिन सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। बिना संसाधन दिए सीधे तौर पर अवर अभियंताओं को दोषी मानना और अपनी प्रबंधकीय विफलताओं को छुपाने के लिए वेतन से रिकवरी का फरमान जारी करना पूरी तरह से तानाशाही है। संगठन ने इस आदेश की घोर निंदा की है। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि वेतन से इस प्रकार की कटौती की गई तो अभियंताओं के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा, जबकि वे पहले से ही फील्ड में संसाधनों के अभाव में काम करने को मजबूर हैं। ओवरलोड, मेंटेनेंस सामग्री का अभाव और स्टाफ की कमी के चलते ट्रांसफार्मर के जलने से बचाने के लिए अवर अभियंता द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है, इसका ठीकरा जूनियर इंजीनियरों पर फोड़ना न्यायसंगत नहीं है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि इस तुगलकी फरमान को शीघ्र वापस नहीं लिया गया तो संगठन आगे की रणनीति तय कर आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बैठक में प्रमुख रूप से शामिल रहे वी के सिंह जनपद अध्यक्ष ,अवनीश गुप्ता सचिव ,मनोज कुमार, प्रशांत, रजित राम, विजयपाल शाहनवाज, अमरदीप, दयानंद शर्मा, जेपी वर्मा,राजेश एवं अन्य अभियंता उपस्थित रहे ।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 3, 2026