*भोर में ही नगर बाजार पहुंचे CRO कीर्ति प्रकाश भारती और SDM राजेश यादव, नाला-नाली से लेकर वाटर कूलर तक खुद परखी व्यवस्था*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 03 सितंबर 2026*
* नगर पंचायत नगर बाजार की सफाई और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए बुधवार तड़के मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय *श्री कीर्ति प्रकाश भारती* ने *उप जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार यादव* के साथ नगर का सघन औचक निरीक्षण किया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस निरीक्षण से पूरे नगर पंचायत महकमे में हड़कंप मचा रहा।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या 3 संत रविदास नगर से की गई। यहाँ दोनों अधिकारियों ने सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालय, रैन बसेरा और मंदिर मार्ग की साफ-सफाई देखी। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरे के पृथक्कीकरण की व्यवस्था को परखा गया और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया गया।
इसके बाद टीम ने एमआरएफ सेंटर पहुंचकर कचरे की छंटाई और निस्तारण प्रणाली का जायजा लिया। वार्ड 9 के मुख्य बाजार में बड़े नालों की तली झाड़ सफाई और जनता के लिए लगे वाटर कूलरों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को अधिकारियों ने खुद चलाकर चेक किया। जलभराव वाले संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन करते हुए चल रहे नाला निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। मौके पर ही संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को गुणवत्ता से बिना समझौता किए कार्य को समय से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए। अंत में *CRO कीर्ति प्रकाश भारती* ने अधिशासी अधिकारी और सफाई नायकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रातःकालीन सफाई में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
*प्रशासनिक सख्ती से बदलेगी तस्वीर*बताया जा रहा है कि प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय *श्री कीर्ति प्रकाश भारती* की गिनती जिले के तेजतर्रार और जमीन से जुड़े अधिकारियों में होती है। उनके कार्यभार संभालने के बाद से ही नगरीय निकायों में सफाई और निर्माण कार्यों को लेकर लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। वहीं युवा और ऊर्जावान *एसडीएम राजेश कुमार यादव* भी अपने सख्त और पारदर्शी रवैये के लिए जाने जाते हैं। दोनों अधिकारियों का सुबह-सुबह एक साथ फील्ड में उतरना इस बात का संकेत है कि अब लापरवाह कर्मचारियों और ठेकेदारों पर शिकंजा कसने वाला है। इस कार्रवाई के बाद नगर बाजार की जनता में उम्मीद जगी है कि जल्द ही जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी और नगर पंचायत स्वच्छता के मामले में एक मिसाल बनेगी।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता हरि ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 3, 2026