वेतन के लिए टनल के गेट पर मजदूरों का प्रदर्शन, बोले—सैलरी मिले तो घर लौटें, मजबूरी में नहीं कर सकते काम
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना के तहत जवाड़ी बायपास स्थित रेलवे सुरंग-7बी एडिट टनल में काम कर रहे बाहरी राज्यों के श्रमिकों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह काम बाधित कर दिया। श्रमिकों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से वेतन नहीं मिला है और वे अपने घर वापस जाना चाहते हैं, लेकिन पैसे नहीं होने के कारण वे मजबूर हैं।
श्रमिकों ने बताया कि किसी के घर में पारिवारिक कार्यक्रम है, किसी के परिजन का ऑपरेशन होना है, तो किसी के घर में मौत हो गई है। इसके बावजूद वे अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। उनका कहना है कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि वे रोजमर्रा की छोटी जरूरतें पूरी कर सकें। फोन रिचार्ज और कपड़े धोने जैसी जरूरतों के लिए भी पैसे की परेशानी सामने आ रही है।
श्रमिकों का कहना है कि “हमें हमारी सैलरी मिल जाए, इसके बाद हम अपने घर जाना चाहते हैं। पैसे नहीं मिलेंगे तो घर कैसे जाएंगे?”
बाहर से रोजगार की उम्मीद लेकर पहाड़ पहुंचे इन श्रमिकों का कहना है कि वे मेहनत से काम कर रहे हैं, लेकिन समय पर मेहनताना नहीं मिलने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मेहनत करने वाले मजदूरों का हक उनका मेहनताना है। रोजगार देने वाली कंपनियों की जिम्मेदारी है कि श्रमिकों का वेतन समय पर मिले, ताकि किसी मजदूर को अपने परिवार की जरूरतों के लिए इस तरह मजबूर न होना पड़े।#viral #rudraprayag #facebookreelsviral #uttarakhand #railway #today #report