20 जुलाई को उरई में निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, विदेशी भक्त भी होंगे शामिल
उरई (जालौन)। इस्कॉन केंद्र उरई द्वारा सोमवार 20 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथ यात्रा सायं 3 बजे इस्कॉन केंद्र से प्रारंभ होकर कोंच बस स्टैंड, जिला परिषद, सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा, अंबेडकर चौराहा और घंटाघर होते हुए पुनः इस्कॉन केंद्र पहुंचेगी।
इस वर्ष भी आयोजन माधव प्रिय किंकर प्रभु के नेतृत्व में किया जा रहा है। रथ सज्जा, संकीर्तन, प्रसाद वितरण, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजन समिति के अनुसार रथ यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद का लाभ कराना है।
रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं माता सुभद्रा का सुसज्जित रथ और आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी। मृदंग, करताल, भक्ति संगीत और हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। देश-विदेश से आए इस्कॉन भक्त भी संकीर्तन और भक्ति नृत्य के माध्यम से यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
रथ यात्रा से पहले भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं माता सुभद्रा का उरई आगमन हो चुका है। इन्फोपार्क कोचिंग के निदेशक अभय द्विवेदी ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और आरती के साथ उनका स्वागत किया तथा नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में ऋषभ प्रभु, अवधकिशोर प्रभु, राजकुमार प्रभु सहित अनेक सेवाभावी भक्त अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर पेयजल, महाप्रसाद वितरण, सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है।
आयोजन समिति ने सभी सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों और नगरवासियों से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान के दिव्य दर्शन, रथ की रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने, हरिनाम संकीर्तन में सहभागी बनने और महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। समिति ने विश्वास जताया है कि श्रद्धालुओं के सहयोग और माधव प्रिय किंकर प्रभु के नेतृत्व में इस वर्ष की श्री जगन्नाथ रथ यात्रा उरई के सबसे भव्य और यादगार आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल होगी।
Orai, Jalaun | Jul 19, 2026