चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उरई (जालौन)। बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित हमले के विरोध में बुधवार को आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि बाराबंकी एवं गोंडा में विनोद साहनी और रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे। आरोप है कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में उनके काफिले को रोककर पथराव और हिंसक हमला किया गया। कार्यकर्ताओं ने घटना में कई लोगों के चोटिल होने और वाहनों में क्षति पहुंचने का आरोप लगाया।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार गौतम ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर हमले में शामिल लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के काफिले से जुड़ी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान आकाश गौतम, मीडिया प्रभारी रविन्द्र कुमार उर्फ पुल्ली चौधरी, सुंदर लाल अहिरवार, शिवम चौधरी, उपेन्द्र सिंह, अजय गौतम, मनोज कुमार, निखिलेश भारती, कुलदीप कुलकर्णी, अभिषेक चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Sep 16, 2026