बीरगंज में अंतरराष्ट्रीय गुलाबी रिबन दिवस पर भव्य आयोजन, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक
बीरगंज (नेपाल)। महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं उपचार का संदेश देने के उद्देश्य से नेपाल के बीरगंज स्थित होटल सरोवर परिसर में अंतरराष्ट्रीय गुलाबी रिबन दिवस के अवसर पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा उद्यमी मंच (NYEF) के अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में बीरगंज में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों और पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन उद्घोषिका नवलक्ष्मी शर्मा ने किया। शुभारंभ के दौरान उपस्थित लोगों ने अपने लिए स्वयं तालियां बजाकर सकारात्मक संदेश दिया। स्वागत संबोधन में मोहित अग्रवाल ने कैंसर के प्रति समाज में व्याप्त लापरवाही और जागरूकता की कमी पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज करना और जांच को लगातार टालते रहना गंभीर परिणाम दे सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता काठमांडू स्थित भक्तपुर कैंसर अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वल चालिसे ने चित्रों एवं प्रस्तुतिकरण के माध्यम से स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, स्वयं परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने मैमोग्राफी, अल्ट्रासाउंड एवं एमआरआई जांच की उपयोगिता समझाते हुए हार्मोनल बदलाव, मोटापा और अन्य जोखिम कारकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नेपाल में स्तन कैंसर के लगभग 2,500 मामलों का उल्लेख करते हुए भविष्य में मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई।
वहीं, तीन बार चिकित्सा क्षेत्र में स्वर्ण पदक से सम्मानित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने प्रश्नोत्तर एवं उपहार वितरण के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर यानी बच्चेदानी के मुंह के कैंसर पर जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इसके लक्षण, बचाव, नियमित जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान सर्वाइकल कैंसर का उपचार करा चुकीं पचू राणा की उपस्थिति भी विशेष रही। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित किया।
समारोह में लायंस क्लब बीरगंज क्यूरेटिव के अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लायंस क्लब बीरगंज कैपिटल की अध्यक्ष कविता खड़का, बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि प्रसाद गौतम, डॉ. संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजपाल, पत्रकार संघ पर्सा के अध्यक्ष ओमप्रकाश खनाल, डॉ. सुषमा द्विवेदी, सोनी अग्रवाल, मीनाक्षी कर्माचार्य, मंजरी श्रेष्ठ, डॉ. लक्ष्मी थापा, नरोत्तम पांडेय, रितिका जायसवाल एवं रेणुका गिरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा मध्य नेपाल दल के प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, समाजसेवियों और संचार प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रही। आयोजन में मेगनस फार्मास्यूटिकल, एनपीएल समाज कल्याण संस्था, नबिल बैंक, संतरा क्लिनिक, एकीन सहित अन्य संस्थाओं ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनजागरूकता के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिष्ठित चिकित्सकों, सहयोगियों एवं संवर्धनकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया कि कैंसर के खिलाफ जागरूकता, समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श ही बीमारी से लड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।