सोनबरसा में धूमधाम से मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती, सामाजिक एकता और युवा सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल के नेतृत्व में शिक्षक संघ भवन पटेलनगर में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम, शिक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
सोनबरसा (सीतामढ़ी)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षक संघ भवन, पटेलनगर सोनबरसा में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक हरिनारायण पटेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक देवधारी पटेल ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक किशोरी बैठा ने किया।
इस अवसर पर युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार पटेल ने कहा कि आज देश सरदार पटेल के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने समाज में शिक्षा, सहकारिता, युवा सशक्तिकरण, नारी शक्ति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सरदार पटेल के आदर्शों और विचारों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पैक्स अध्यक्ष विरंजन सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय कुमार, पूर्व मुखिया संजय कुमार, सरपंच हरिश्चंद्र पटेल, पूर्व शाखा प्रबंधक नंदलाल बैठा, भूतपूर्व सैनिक विशम्भर पटेल, शिक्षक रामचंद्र महतो, वरिष्ठ पत्रकार विनोद कुमार, भाजपा नेता सुरेश पटेल, बैजू पटेल, अनिल पटेल, बिकाऊ पटेल, दरबारी पटेल, राजा पटेल, नागेश्वर पटेल, राजगीर सिंह, विजय सिंह, उदय पटेल, अभिषेक पटेल, नसीम खान, हिरेंद्र पटेल, विजय पटेल एवं बैद्यनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Dumra, Sitamarhi | Oct 31, 2026