संस्कार, संस्कृति और सिंधी अस्मिता का संगम: सिंधु सभा बाल संस्कार शिविर का भव्य समापन
भीलवाड़ा / शाहपुरा : महेंद्र नागोरी भारतीय सिंधु सभा एवं पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में आयोजित बाल संस्कार शिविर का भावपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। दिलखुशाल बाग स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में बच्चों ने सिंधी भाषा, भजन, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल की आरती से हुई। बच्चों ने शिविर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और मातृभाषा से जुड़ने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतियां देकर खूब सराहना बटोरी।
सिंधु सभा नगर अध्यक्ष चेतन चंचलानी की मौजूदगी में महिला शाखा पदाधिकारियों ने बच्चों को पारितोषिक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं शिविर को सफल बनाने वाली प्रशिक्षक रेखा शर्मा, विमला आसवानी, पाखी लखपतानी और मनीषा आसवानी का भी विशेष सम्मान किया गया।
मीडिया प्रभारी मूलचंद पेसवानी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, सिंधी भाषा और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करना था। समारोह में पूज्य सिंधी पंचायत एवं सिंधु सभा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संस्कार शिविर नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।