*अतिरिक्त जिला कलक्टर राजीव द्विवेदी ने की सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा*
*फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक पहुँचाना हमारा दायित्व: राजीव द्विवेदी*
*जयपुर:कमलेश आमेटा, 20 मई।*
राजस्थान सरकार के 15 विभागों की 25 फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में की। उन्होंने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक पहुँचाना हमारा दायित्व है। उन्होंने जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण को निर्देशित किया कि वे पात्र नवीन परिवारों को एनएफएसए से लाभान्वित करने हेतु ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में उपखण्ड अधिकारी व विकास अधिकारी कार्यालयों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मिले 125 लक्ष्य के विरूद्ध 776 जल संरचनाओं का निर्माण करने पर प्रसन्नता व्यक्त करी। वहीं लखपति दीदी योजना में 95 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने पर उन्होंने विभागीय अधिकारी को शीघ्र शत-प्रतिशत लक्ष्य अर्जित करने के लिए कहा। वहीं उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को अटल प्रगति पथ योजना के तहत आवंटित लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लक्ष्य भी प्रदान किए हैं। उन्होंने इस दौरान अन्य सभी विभागीय अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में उपस्थित रहकर उनके विभाग से संबंधित फ्लैगशिप योजनाओं में यथासंभव लंबित कार्य पूर्ण कराकर प्रगति लाने के निर्देश प्रदान किए हैं।
उन्होंने इस दौरान कुसुम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व ग्रामीण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहित अन्य फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, सीपीओ डॉ. सुदीप कुमावत सहित संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।