बरौनीः प्रशासनिक और संवेदक की लापरवाही से भगवानपुर पथ पर 'दंड' दे रहे भक्तों के पैरों में चुभी गिट्टी, विधायक के आश्वासन के बावजूद पूरा नहीं बनी सड़क
मुकेश बीहट
बरौनी प्रखंड अंतर्गत पिपरा देवस पंचायत के वार्ड नंबर 7 (बाबा सन यादव टोला) में सड़क निर्माण में भारी लापरवाही और विभागीय उदासीनता का मामला सामने आया है। सड़क का कार्य समय पर पूरा न होने के कारण स्थानीय लोगों और छठ पर्व पर अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।
15 दिन पहले हुआ था सड़क जाम, विधायक ने दिया था आश्वासन
करीब 15 दिन पहले पुर पथ पर सड़क निर्माण कार्य शुरू न हे. आक्रोशित ग्रामीणोंबाबा सन यादव टोला के पास सड़क जाम कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेघरा विधायक रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था।
मौके पर मौजूद संवेदक और विभागीय इंजीनियरों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि आगामी छठ महापर्व से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि कौवा ताल पुल और छठ घाट तक जाने वाले व्रतियों व श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो। संवेदक और इंजीनियरों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण का भरोसा भी दिलाया था।
रविवार को अनुष्ठान के दौरान छलनी हुए पैर और शरीर
विधायक के स्पष्ट निर्देशों और संवेदक के दावों के बावजूद धरातल पर काम पूरा नहीं हुआ। रविवार को छठ महापर्व के दौरान भगवानपुर पथ पर दंड देने (दंडवत करने) निकले श्रद्धालुओं को बदहाल सड़क के कारण भारी यातना झेलनी पड़ी।
+स्थानीय ग्रामीण सरोज कुमार व अन्य ने बताया कि अधूरी और खुदी हुई सड़क पर फैली नुकीली गिट्टी चुभने से दंड दे रहे लोगों के पैरों में चोटें आईं और शरीर छिल गया। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी ऐसी बदहाल स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही नहीं देखी, जिससे धार्मिक अनुष्ठान करने वालों को इतना कष्ट उठाना पड़े।
ग्रामीणों में आक्रोश, की गई सख्त कार्रवाई की मांग
इस अमानवीय स्थिति और संवेदक की मनमानी से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने विभाग और संवेदक की इस खुली लापरवाही के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में जनता को इस तरह की प्रताड़ना न झेलनी पड़े।