राहतपुर में डीएम रिची पांडेय ने खेत में चलाया हंसुआ, धान फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण
फसल कटनी प्रयोग में 35.260 किलोग्राम धान की उपज दर्ज, वैज्ञानिक तरीके से उत्पादन आकलन पर दिया जोर
बलिया (बेगूसराय): कृषि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग के दौरान शनिवार को बेगूसराय के जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने बलिया प्रखंड के राहतपुर पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम राहतपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान डीएम ने स्वयं खेत में उतरकर हंसुआ चलाया और धान की फसल की कटनी की।
फसल कटनी प्रयोग राजस्व ग्राम राहतपुर के थाना संख्या-535, खेसरा संख्या-805 एवं रैंडम संख्या-9900 के तहत किसान विवेकानंद कुमार, पिता रामविलास सिंह के खेत में संपन्न कराया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्धारित वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप चिह्नित प्लॉट की मापी, धान की कटाई एवं दंवरी (थ्रेसिंग) की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया।
कटनी एवं दंवरी के उपरांत प्राप्त हरे धान का वजन 35.260 किलोग्राम दर्ज किया गया। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा प्राप्त उपज का सही वजन दर्ज करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर डीएम रिची पांडेय ने कहा कि फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से जिले में धान की वास्तविक औसत उपज एवं उत्पादकता का वैज्ञानिक और वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाता है। इसके आधार पर फसल क्षति का आकलन, फसल बीमा योजनाओं के तहत किसानों को मिलने वाले लाभ तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं।
उन्होंने कृषि एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी निर्धारित स्थलों पर फसल कटनी प्रयोग निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराया जाए, ताकि उपज का सटीक आंकड़ा प्राप्त हो सके।
मौके पर बलिया के अनुमंडल पदाधिकारी अजय यादव, जिला कृषि पदाधिकारी बेगूसराय सहित जिला सांख्यिकी एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मी तथा स्थानीय किसान उपस्थित रहे।