आर्य पीजी कॉलेज में राज्य स्तरीय अंतर महाविद्यालय क्विज एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
ऐसे आयोजन नए दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर - डॉ. गुप्ता
आर्य पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग एवं कौटिल्य इकोनॉमिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को राज्य स्तरीय अंतर महाविद्यालय क्विज एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्थिक विषयों के प्रति रुचि विकसित करने, सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं रचनात्मक सोच की समझ को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में अलग-अलग महाविद्यालयों से आई लगभग छह टीमों ने भाग लिया।
क्विज प्रतियोगिता के अंतर्गत सामान्य अर्थशास्त्र, भारतीय अर्थव्यवस्था, हरियाणा की अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय एवं वैश्विक अर्थव्यवस्था से संबंधित विषयों को शामिल किया गया है। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के लिए दो महत्वपूर्ण विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रथम विषय 'एआई के युग में भारत’ तथा द्वितीय विषय 'वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति’ है। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश और दुनिया की बदलती आर्थिक परिस्थितियों तथा भविष्य की चुनौतियों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश सिंगला, प्राध्यापिका डॉ. रजनी शर्मा एवं विभाग के सभी स्टाफ सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पहुँचने पर प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय का सदैव प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनकी बौद्धिक, रचनात्मक एवं व्यावहारिक क्षमताओं को विकसित करने के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक मंच उपलब्ध करवाए जाएं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें वर्तमान आर्थिक एवं वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाते हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि क्विज प्रतियोगिता में आई.बी. कॉलेज, पानीपत की टीम ने प्रथम, दयाल सिंह कॉलेज, करनाल की टीम ने द्वितीय तथा देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दयाल सिंह कॉलेज, करनाल की टीम ने प्रथम, आई.बी. कॉलेज, पानीपत की टीम ने द्वितीय तथा आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय कि उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को साझा करने तथा अर्थशास्त्र के विभिन्न पहलुओं को गहराई से समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें ज्ञान, रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश सिंगला ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक एवं समसामयिक आर्थिक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल अर्थव्यवस्था, वैश्विक व्यापार और रोजगार के बदलते स्वरूप को समझना विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक मंच उपलब्ध करवाया जाए, जहां वे अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर सकें तथा अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान कर सकें।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत की प्राध्यापिका डॉ. मंजू शर्मा एवं डॉ. रमेश सिंगला ने निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पोस्टरों का उनकी रचनात्मकता, विषय की समझ एवं प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. अंजू मलिक, डॉ. वर्षा, प्राध्यापिका कुशागरा, शीतल, ज्योति एवं प्राध्यापक आशीष सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।