डीडवाना में भारत को जानो प्रतियोगिता संपन्न, 21 स्कूलों के 1023 विद्यार्थियों ने लिया भाग
डीडवाना। भारत विकास परिषद शाखा डीडवाना द्वारा विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय भारत को जानो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। शाखा मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र के 21 विद्यालयों में आयोजित इस लिखित परीक्षा में कुल 1023 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिसमें कनिष्ठ वर्ग के 519 और वरिष्ठ वर्ग के 504 परीक्षार्थी शामिल रहे।
मुख्य शाखा अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने बताया कि प्रतियोगिता को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर 42 पर्यवेक्षक व सह-पर्यवेक्षक तैनात किए गए। परीक्षा में अनुशासन बनाए रखने के लिए 10 सदस्यों वाले 5 उड़न दस्तों का गठन किया गया जिन्होंने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाखा सचिव सुरेंद्र सोनी एवं कोषाध्यक्ष बालमुकुंद बागड़िया ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में विद्यालय प्रबंधकों, शिक्षकों और विशेष रूप से परिषद की 'मातृशक्ति' के सहयोग की सराहना की। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने परीक्षा संचालन, मार्गदर्शन और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने और राष्ट्रप्रेम का भाव जगाने का एक सशक्त माध्यम है। इस वर्ष नवस्थापित विवेकानन्द शाखा अध्यक्ष निखिल मित्तल व सचिव रणजीत सिंह राठौड़ ने भी मुख्य शाखा के साथ मिलकर आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिषद् ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं व विद्यालयों का आभार जताया।