राजकीय महाविद्यालय चम्बा के बीबीए विभाग के वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा नए एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर कार्यक्रम का आयोजन अनंतसन रिसोर्ट, राजपुरा में किया गया। कार्यक्रम में पीजीडीसीए विभाग के समन्वयक प्रो. अविनाश ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान बीबीए विभाग की ओर से दिग्विजय ठाकुर, वेद ज्योति एवं भुवनेश्वरी तथा हितेष सलवानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में गायन, नृत्य, शायरी सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए जलपान एवं दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गई।
बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों एवं रोचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, प्रतिभा, व्यक्तित्व एवं प्रस्तुतियों के आधार पर विभिन्न टाइटल प्रदान किए गए। इनमें मिस्टर फ्रेशर्स – अक्षित शर्मा, मिस फ्रेशर – कनिका, मिस चार्मिंग – नमस्वी पंडित तथा मिस्टर हैंडसम – अभिषेक चुने गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि प्रो. अविनाश ने सभी टाइटल विजेताओं को टाइटल पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि प्रो. अविनाश ने अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि फ्रेशर कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार से जोड़ने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी नवागंतुक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में टाइटल विजेताओं, मुख्यातिथि एवं अध्यापकों द्वारा केक काटा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन की सुखद एवं यादगार शुरुआत प्रदान की।
#Chamba #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Sep 27, 2026