चंबा। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में हिमाचल प्रदेश की स्टार धाविका और "गोल्डन गर्ल" सीमा ने 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीमा की इस उपलब्धि पर चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंस राज ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक हंस राज ने कहा कि सीमा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि चंबा जैसे दूरदराज क्षेत्र की बेटी द्वारा एशियाई स्तर पर पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर विधायक ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विभिन्न सरकारों ने हमेशा चंबा जिले की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा को मिलने वाली एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार को खिलाड़ियों को समय पर सम्मान और प्रोत्साहन देना चाहिए, ताकि युवा खेलों की ओर आकर्षित हों।
हंस राज ने कहा कि चंबा जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम सहित अन्य खेल अधोसंरचना विकसित करने की मांग उठाते हुए कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तो यहां के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम और अधिक रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सीमा की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और सरकार को ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के समर्थन के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
बाइट हँस राज भाजपा विधायक चुराह।
Chamba, Chamba | Sep 27, 2026