चंबा की रावी में रोमांच का नया अध्याय
विश्व पर्यटन दिवस पर रिवर राफ्टिंग और वाटर स्पोर्ट्स की शुरुआत
चंबा की ऐतिहासिक रावी नदी में अब रोमांच का नया अध्याय शुरू हो गया है...
विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर रावी नदी में रिवर राफ्टिंग और वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर की शुरुआत की गई।
परेल पुल के समीप आयोजित कार्यक्रम में चंबा सदर के विधायक नीरज नय्यर ने रिबन काटकर एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधि का शुभारंभ किया।
चंबा में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में इसे एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
रुद्र एडवेंचर स्पोर्ट्स के संचालक के अनुसार रावी नदी में करीब 10 किलोमीटर का राफ्टिंग ट्रैक तैयार किया गया है।
बालू पुल से उदयपुर तक के इस ट्रैक पर पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक राफ्ट में प्रशिक्षित और अनुभवी लोग मौजूद रहेंगे।
राफ्टिंग के लिए 7 किलोमीटर का किराया 700 रुपये, जबकि 10 किलोमीटर के ट्रैक के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है।
यानी अब चंबा पहुंचने वाले पर्यटकों के पास ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक खूबसूरती के साथ रावी की लहरों पर एडवेंचर का रोमांच लेने का विकल्प भी होगा।
रावी नदी में वाटर स्पोर्ट्स की शुरुआत केवल पर्यटन गतिविधि नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी एक पहल है।
चंबा में पर्यटन की संभावनाओं के बीच रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियां स्थानीय युवाओं को एडवेंचर टूरिज्म से जोड़ने में मदद कर सकती हैं।
वहीं चंबा सदर के विधायक नीरज नय्यर ने रुद्र एडवेंचर स्पोर्ट्स के संचालक को वाटर स्पोर्ट्स शुरू करने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि करीब दो से ढाई वर्ष पहले भी चंबा में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए गए थे, लेकिन रावी नदी में पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण वाटर स्पोर्ट्स को अपेक्षित गति नहीं मिल पाई।
विधायक के अनुसार वाटर स्पोर्ट्स को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन के माध्यम से चमेरा चरण-दो परियोजना प्रबंधन से भी बातचीत की जाएगी, ताकि जरूरत के मुताबिक पानी छोड़े जाने की संभावनाओं पर चर्चा हो सके।
अगर रावी में पानी का प्रवाह बेहतर रहता है, तो आने वाले समय में चंबा में रिवर राफ्टिंग को और विस्तार मिलने की संभावना है।
कुल मिलाकर...
रावी की लहरों पर शुरू हुआ यह रोमांच चंबा के पर्यटन को नई दिशा देने की कोशिश है।
एक तरफ पर्यटकों के लिए एडवेंचर...
दूसरी तरफ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर...
और तीसरी तरफ चंबा की खूबसूरत रावी नदी को एडवेंचर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल।
अब आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि रावी में जलप्रवाह और अन्य व्यवस्थाएं इस गतिविधि के विस्तार में कितनी भूमिका निभाती हैं।
Neeraj Nayar @topfans Pangi Live News
The Voice of Pangwal हिम संदेश Himachal Times TV
Chamba, Chamba | Sep 27, 2026