अहीरवाल के प्रथम विधायक व शिक्षाविद् बाबू राव मोहर सिंह की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि व पौधारोपण
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
अहीरवाल क्षेत्र के प्रथम विधायक, महान शिक्षाविद् एवं 'बाबूजी' के नाम से विख्यात राव मोहर सिंह की पुण्यतिथि पर भूड़पुर स्थित राव मोहर सिंह बायोडायवर्सिटी पार्क में श्रद्धांजलि सभा और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए।
-------
सामाजिक समरसता की मिसाल थे बाबूजी
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण जागरूक अभियान समिति के जिला महासचिव एवं कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के निजी प्रवक्ता हरेन्द्र यादव ने कहा कि वर्ष 1903 में भूड़पुर में जन्मे बाबू राव मोहर सिंह ने अहीरवाल में सामाजिक समरसता की नई परंपरा शुरू की। उन्होंने सभी जाति और वर्ग के लोगों के साथ एक ही चारपाई पर बैठकर भोजन करने और एक साथ हुक्का साझा करने की प्रथा चलाकर समाज को जोड़ने का काम किया।
शिक्षा और किसान हितैषी व्यक्तित्व
मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन करण सिंह राजा ने कहा कि राव मोहर सिंह किसानों और गरीबों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने सभी समाज को साथ लेकर चलने में विश्वास रखा। रेवाड़ी का अहीर कॉलेज, कंवाली हाई स्कूल और गुरु द्रोणाचार्य कॉलेज जैसी प्रमुख शिक्षण संस्थाएं उन्हीं की दूरदर्शी सोच और प्रयासों की देन हैं।
------
बेटियों की शिक्षा के लिए जगाई अलख
भूड़पुर की सरपंच मोनिका यादव ने बाबूजी के योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस दौर में बेटियों को घर से बाहर निकलने की आजादी तक नहीं थी, उस समय उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई और गांव-गांव में स्कूल खुलवाने में अहम भूमिका निभाई। उनके द्वारा दिया गया "एजुकेशन इज फर्स्ट, एजुकेशन इज मस्ट" का नारा आज भी सभी को प्रेरित करता है और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
पुण्यतिथि कार्यक्रम में भूड़पुर सरपंच मोनिका यादव, लाखनौर सरपंच ऋषिराज यादव, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन करण सिंह राजा, पर्यावरण जागरूक अभियान समिति के जिला महासचिव हरेन्द्र यादव, रिटायर्ड एसडीओ फूल सिंह, सूबेदार ईश्वर सिंह, रिटायर्ड आईएएफ बीरबल, पतंजलि के जिलाध्यक्ष दयाराम आर्य, रिटायर्ड प्रधानाचार्य वासुदेव, हेमचंद ठेकेदार, मास्टर महिपाल और बिजे सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Rewari, Rewari | Nov 24, 2026