सामाजिक समरसता भाजपा का मूल संकल्प, रविदासिया समाज के सम्मान और हितों की सच्ची हितैषी है भाजपा : डॉ. बनवारी लाल
: पूर्ववर्ती राजनीतिक दलों ने रविदासिया समाज को वोट बैंक के रूप में देखा, भाजपा ने समाज के सम्मान और महापुरुषों की विरासत को दी प्राथमिकता : बनवारी लाल
: सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प यात्रा समाज को एकता और भाईचारे के सूत्र में पिरोने का अभियान
: आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा, रेवाड़ी सहित शेष 15 जिलों की उपयात्राएं भी होंगी शामिल
: 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विशाल जनसभा, सभी समाजों से भागीदारी का आह्वान
रेवाड़ी, 23 नवंबर। हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने सदियों पहले ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ जाति, वर्ग या जन्म के आधार पर भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान तथा स्वाभिमान के साथ जीवन व्यतीत कर सके। उनके इसी महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का मूल आधार सामाजिक समरसता है। समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी देना भाजपा की प्रतिबद्धता है।
पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने समरसता संकल्प यात्रा के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने जिस दौर में सामाजिक समानता का संदेश दिया, उस समय समाज में अनेक प्रकार की कुरीतियां और भेदभाव व्याप्त थे। उन्होंने अपनी वाणी, विचारों और जीवन दर्शन के8 माध्यम से करोड़ों लोगों को आत्मसम्मान, समानता और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
रविदासिया समाज के सम्मान को भाजपा ने दी प्राथमिकता : बनवारी लाल
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि रविदासिया समाज ने देश और समाज के निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद पूर्ववर्ती राजनीतिक दलों के व्यवहार से समाज के लोगों को कई बार यह महसूस हुआ कि उन्हें केवल चुनावी वोट बैंक के रूप में देखा गया। समाज के महापुरुषों की विरासत और उनके योगदान को वह व्यापक सम्मान और पहचान नहीं मिल सकी, जिसके वे अधिकारी थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमारे रविदासिया समाज की सच्ची हितैषी रही है। प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत-महापुरुषों के विचारों और हमारी गौरवशाली सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि समाज के सम्मान की बात करने का अर्थ किसी दूसरे समाज से दूरी बनाना नहीं है। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज स्वयं संपूर्ण मानवता के कल्याण के पक्षधर थे। उनके आदर्श किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं हैं। संत-महापुरुष संपूर्ण समाज की साझी धरोहर होते हैं और उनके प्रति सच्चा सम्मान तभी है, जब उनके विचारों को सभी वर्ग मिलकर अपने जीवन में अपनाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति समाज, पिछड़े वर्ग तथा प्रदेश की छत्तीस बिरादरी सहित सभी वर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र इसी समावेशी सोच को आगे बढ़ाता है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है।
पूरे हरियाणा को सामाजिक समरसता के सूत्र में जोड़ेगी यात्रा
डॉ. बनवारी लाल ने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई यह यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के करीब 47 शहरों से गुजरेगी तथा उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिनों में आठ जिलों—यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल—से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त रेवाड़ी सहित शेष 15 जिलों से उपयात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में सम्मिलित होंगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि यात्रा केवल कुछ जिलों या किसी एक समाज तक सीमित नहीं रहेगी। उपयात्राओं के माध्यम से पूरे हरियाणा के सभी 23 जिलों और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे समाज के हर वर्ग तक सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज का समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश पहुंचेगा।
25 नवंबर को उमरी में मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा
डॉ. बनवारी लाल ने बताया कि 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश करेगी और अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र के उमरी में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर संत समाज, रविदासिया समाज सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों में भारी उत्साह है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उमरी की जनसभा सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत करेगी। यह आयोजन सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के प्रति समाज की श्रद्धा, सम्मान और उनके आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा।
पूर्व मंत्री ने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। सोनीपत के बहालगढ़ में भी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी। वहीं 28 नवंबर को दिल्ली से पुनः हरियाणा में प्रवेश करने पर फरीदाबाद में विशाल जनसभा होगी और यात्रा पलवल एवं होडल होते हुए आगे बढ़ेगी।
समाज में दूरियां मिटाकर दिलों को जोड़ना ही सच्ची समरसता
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाओं का वास्तविक संदेश समाज में आपसी प्रेम, समानता और सद्भाव स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों या आयोजनों से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान, सहयोग और परस्पर विश्वास से मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि रविदासिया समाज का सम्मान हमारे लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए हैं। इसलिए यह यात्रा किसी एक समाज की नहीं, बल्कि सभी समाजों की साझा यात्रा है। इसका उद्देश्य आपसी दूरियां समाप्त करना, भाईचारे को बढ़ाना और प्रत्येक व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
डॉ. बनवारी लाल ने रेवाड़ी जिले के संत समाज, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और छत्तीस बिरादरी के लोगों से आह्वान किया कि वे समरसता संकल्प यात्रा एवं उससे जुड़ी उपयात्राओं में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धा उनके दिखाए समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने में है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, जिला महामंत्री श्री कुलदीप चौहान, जिला मीडिया प्रभारी श्री जतिन अरनेजा, श्री सौरभ यादव, श्री मुकेश सार्वन, श्री योगेश शर्मा, श्री मनोज सैनी, श्री रोहतास वाल्मीकि, श्रीमती आशा मखिज़ा, श्री अमरजीत सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Rewari, Rewari | Nov 23, 2026