सिधरावली व राठीवास में नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात, दौलताबाद पीएचसी बनेगा सीएचसी; स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया शुभारंभ
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता - आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
सिधरावली, राठीवास और दौलताबाद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से ढाई लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 11 अक्टूबर। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज गुरुग्राम में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिधरावली में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और राठीवास में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने के कार्य का भी शुभारंभ किया। इन स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और आसपास के गांवों के लोगों को अपने घर के नजदीक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव के गुरुग्राम आगमन पर गांव दौलताबाद, सिधरावली, तथा राठीवास सहित आसपास के गांवों की सरदारी ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत कर नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत यादव भी मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता - आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों को स्थानीय जरूरतों और आबादी के अनुरूप अपग्रेड करने, आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाना है, ताकि सामान्य उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। सिधरावली, दौलताबाद और राठीवास के स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों पर बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में अंग दान की शपथ लेने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।
स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास केवल सड़क, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि वहां के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर होने से लोगों का समय और खर्च बचेगा तथा जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सा सहायता प्राप्त करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को जनकल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य मानते हुए आगे बढ़ रही है। गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में संतुलन बनाए रखना जरूरी है।