निमंत्रण को 'सट्टा' बताकर चर्चा में आए जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, मंच से बोले- पांच साल हम तो पूरा लगन सट्टा में बुक रहते हैं
बोधगया के जन्मदिन समारोह में दिया बयान, ग्रामीण बोलचाल के शब्द 'सट्टा' के इस्तेमाल पर उठे सवाल; जनप्रतिनिधि के संबोधन के मायने पर शुरू हुई चर्चा
गयाजी। मगध प्रमंडल के जहानाबाद से राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। बोधगया में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान उन्होंने मंच से अपने संबोधन में कुछ ऐसा कहा, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सांसद ने अपने क्षेत्र के लोगों की ओर से मिलने वाले निमंत्रण का जिक्र करते हुए कहा कि हम जनप्रतिनिधि पूरा लगन 'सट्टा' में बुक रहते हैं।
दरअसल, ग्रामीण इलाकों में आज भी मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए टेंट-पंडाल, क्रॉकरी, डेकोरेशन, बाजा-बत्ती और मनोरंजन के साधन के रूप में आर्केस्ट्रा आदि की बुकिंग को स्थानीय बोलचाल में 'सट्टा' कहा जाता है। हालांकि, शहरी क्षेत्रों में इसी प्रक्रिया को आमतौर पर बुकिंग या कार्यक्रम की अग्रिम बुकिंग के नाम से जाना जाता है।
बताया जाता है कि बोधगया में एक संस्था द्वारा संचालित ट्रस्ट के निदेशक के जन्मदिन समारोह में जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव शामिल हुए थे। इस दौरान मंच से लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने क्षेत्र के लोगों की ओर से मिलने वाले निमंत्रण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र के लोगों की ओर से निमंत्रण मिलता रहता है और उस निमंत्रण को स्वीकार करना भी उनका कर्तव्य है। इससे क्षेत्र की जनता खुश होती है।
लेकिन, इसी संबोधन में निमंत्रण को 'सट्टा' में बुक रहने से जोड़ने वाली उनकी टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है। सांसद ने यह भी कहा कि वे पूरा लगन सट्टा में बुक रहते हैं। उनके इस कथन को लेकर अब लोग अलग-अलग नजरिये से चर्चा कर रहे हैं।
सवाल यह है कि क्या जनप्रतिनिधियों के लिए जनता का निमंत्रण महज एक बुकिंग की तरह है? ग्रामीण परिवेश में 'सट्टा' शब्द का अपना एक स्थानीय अर्थ और प्रचलन जरूर है, लेकिन जब यही शब्द किसी जनप्रतिनिधि के सार्वजनिक मंच से दिए गए संबोधन में इस्तेमाल होता है तो उसके मायने और संदेश पर चर्चा होना स्वाभाविक है।
जनप्रतिनिधि के लिए जनता का निमंत्रण केवल किसी समारोह में शामिल होने का अवसर नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और उनके बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का माध्यम भी होता है। ऐसे में सांसद के इस बयान को किस संदर्भ में कहा गया, यह उनकी मंशा पर निर्भर करता है, लेकिन सार्वजनिक मंच पर इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।
#gayadastak
#गयाजी
#BiharPolitics
#SurendraYadav
#TejashwiYadav
#jehanbad