टीपीएल में बीडी बिहार और भारद्वाज स्ट्राइकर्स की शानदार जीत
राज स्कूल टिकारी के खेल मैदान में चल रहे टिकारी प्रीमियर लीग सीजन-03 के लीग मुकाबलों में बुधवार को दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले में बीडी बिहार ने गुप्ता शॉपिंग पंचानपुर को छह विकेट से हराया, जबकि दूसरे रोमांचक मुकाबले में भारद्वाज स्ट्राइकर्स कोंच ने विवेकानंद कॉलोनी फाइटर्स को एक रन से शिकस्त दी।
पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए गुप्ता शॉपिंग पंचानपुर की टीम 10 ओवर में नौ विकेट पर 81 रन ही बना सकी। गौरव कुमार ने 32, सूरज कुमार ने नाबाद 17 और रोहित कुमार ने 13 रन बनाए। बीडी बिहार के केशव ने तीन, जबकि नवीन सिंह और सत्यम शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में बीडी बिहार ने 8.1 ओवर में चार विकेट पर 83 रन बनाकर जीत दर्ज की। पुरुषोत्तम ने नाबाद 47 और सत्यम शर्मा ने नाबाद 18 रन बनाए।
दूसरे मैच में भारद्वाज स्ट्राइकर्स कोंच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 119 रन बनाए। कप्तान अविनाश कुमार बंटी ने 34, लकी कुमार ने 25 और नारायण शर्मा ने 22 रन बनाए। जवाब में विवेकानंद कॉलोनी फाइटर्स की टीम छह विकेट पर 118 रन ही बना सकी। शुभम कुमार ने आठ छक्कों की मदद से नाबाद 54 और गौरव शर्मा ने 26 रन बनाए। कोंच की ओर से लकी कुमार ने तीन और संजन कुमार ने दो विकेट लेकर टीम को एक रन से रोमांचक जीत दिलाई ! #bdbiharjharkhand
Gaya Town CD Block, Gaya | Nov 25, 2026