आमाबेड़ा में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को उनके गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा मिली।
शिविर में 1,344 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जबकि 1,110 लोगों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। अब तक आयोजित शिविरों की तुलना में इस शिविर में सर्वाधिक 108 महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई, जिनमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल रहीं और उन्होंने सोनोग्राफी की सुविधा का लाभ लिया।
आमाबेड़ा में पहली बार ईसीजी जांच की सुविधा भी शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई, जिसके तहत 17 लोगों की ईसीजी जांच की गई।
शिविर में सामान्य चिकित्सा के साथ स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, दंत रोग और अस्थि रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की जांच एवं उपचार किया गया।
🩺 शिविर की प्रमुख उपलब्धियां—
▪️ 1,344 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
▪️ 108 महिलाओं की सोनोग्राफी
▪️ पहली बार 17 लोगों की ईसीजी जांच
▪️ 1,110 लोगों को निःशुल्क दवाइयां
▪️ 728 लोगों की रक्त जांच
▪️ 49 लोगों का टीबी एक्स-रे
▪️ 67 आयुष्मान कार्ड बनाए गए
▪️ 36 लोगों को चश्मे वितरित
▪️ 65 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए
▪️ आमाबेड़ा में पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में 30 लोगों ने किया रक्तदान
🚑 ग्रामीणों की मांग पर एंबुलेंस की पहल
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी के समक्ष आमाबेड़ा क्षेत्र में एंबुलेंस की आवश्यकता रखी। विधायक ने मौके से ही प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से फोन पर चर्चा कर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग रखी। मंत्री द्वारा दो दिवस के भीतर आमाबेड़ा में एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
🤰 अगले दो दिनों तक जारी रहेगी सोनोग्राफी सुविधा
बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं द्वारा सोनोग्राफी का लाभ लेने और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए आमाबेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अगले दो दिनों तक सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।