राशन कार्ड की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित लाभार्थियों एवं नए आवेदकों को ई-केवाईसी कराने का निर्देश।
आज दिनांक 17.11.2026 को सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में राशन कार्ड से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड से जुड़े लंबित मामलों, लाभार्थियों के ई-केवाईसी तथा नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी महोदया ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड से संबंधित सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सभी लंबित राशन कार्ड धारियों एवं संबंधित लाभार्थियों से अपील की कि वे यथाशीघ्र अपना ई-केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नए राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया है, उनके लिए भी ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसलिए सभी संबंधित आवेदक समय पर अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आवेदन के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं हो।
अनुमंडल पदाधिकारी महोदया ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में राशन कार्डधारियों एवं नए आवेदकों को ई-केवाईसी के प्रति जागरूक करें तथा लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में सभी संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, आपूर्ति विभाग के कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।