सेना के सम्मान में चेवाड़ा की खुशबू लद्दाख तक लहराएगी परचम, 2800 किलोमीटर दौड़कर पहुंचेगी कारगिल वॉर मेमोरियल।
लोजपा आर जिला अध्यक्ष सह जमुई सांसद प्रतिनिधि ईमाम गजाली ने बधाई दी।
शेखपुरा जिले के चेवाड़ा नगर पंचायत की बेटी खुशबू कुमारी ने देशभक्ति, साहस और दृढ़ संकल्प की अनूठी मिसाल पेश करने का बीड़ा उठाया है। भारतीय सेना के सम्मान और देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन करने के उद्देश्य से खुशबू कुमारी लगभग 2800 किलोमीटर की दौड़ लगाकर लद्दाख स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल पहुंचेंगी। उनके इस संकल्प से जिले के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
खुशबू का यह अभियान सिर्फ एक लंबी दूरी की दौड़ नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। उनका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और यह संदेश देना है कि मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
खुशबू की इस अनोखी पहल को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। लोजपा आर जिला अध्यक्ष सह जमुई सांसद प्रतिनिधि ईमाम गजाली ने बताया कि चेवाड़ा की बेटी का यह प्रयास पूरे शेखपुरा जिले के लिए गर्व की बात है। एक छोटे से कस्बे से निकलकर देश के वीर जवानों के सम्मान में इतना बड़ा संकल्प लेना अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। खुशबू की इस साहसिक यात्रा से जिले की बेटियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। अब सभी की निगाहें उनके इस अभियान पर टिकी हैं।
इस दौरान ईमाम गजाली, बिपिन कुमार, दीपक कुमार, विकास कुमार,महेश पासवान, गुलाब पासवान, मुकेश पासवान, अरविंद पासवान,विजय पासवान सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।