धारी समाज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए एक कदम शिक्षा की ओर की बैठक आयोजित।
शेखपुरा जिले के घाट कोसुंभा में एक कदम शिक्षा की ओर संस्था की ओर से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और धारी समाज के बच्चों को शिक्षित करने के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मंच संचालन भूपेंद्र कुमार ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज कुमार ने की।
इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए धर्मराज धारी ने कहा, उस घर में दीया जलाने चला हूं, जो सदियों से अंधेरा है। उन्होंने कहा कि धारी समाज आज भी शिक्षा के क्षेत्र में काफी पीछे है। समाज के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जिसमें धारी समाज के बच्चों को भाग लेने का अवसर दिया जाता है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें पुरस्कृत भी किया जाता है, ताकि उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और उत्साह बढ़े।
धर्मराज धारी ने कहा कि संस्था को आगे बढ़ाने में नौकरीपेशा युवा, समाजसेवी और समाज के शिक्षित लोग मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सभी लोगों का उद्देश्य समाज में शिक्षा की अलख जगाना है। उन्होंने कहा कि जब समाज के बच्चे शिक्षित होंगे, तभी वे अपने अधिकारों को समझ सकेंगे और पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बन पाएंगे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी शिक्षा के प्रसार, बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और समाज के प्रत्येक परिवार को शिक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही संस्था के अभियान को और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।इस मौके पर धर्मराज धारी, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, रामशीष राम, भूपेंद्र कुमार, अवध राम, विभा कुमारी, अरविंद आनंद, रवि कुमार, बलराम राम, रामविलास राम, विकेश कुमार, मुन्ना कुमार, इंदल कुमार, राजनीति कुमार , शीशम धारी, बिनोद राम सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।