गुराड़ के पास ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौके पर मौत
राख-गुराड़-सांवरा संपर्क मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, कार 50 मीटर नीचे जा गिरी
अनिल ठाकुर धरवाला
राख-गुराड़-सांमरा संपर्क मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑल्टो कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब 6:30 बजे गुराड़ के समीप हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार नंबर एचपी 73-0662 राख से सांवरा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन गुराड़ के समीप पहुंचा, अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया। कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे सड़क से जा गिरी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार चालक कपूर सिंह राणा, निवासी गुराड़, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले किया जाएगा। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Dharwala, Chamba | Sep 6, 2026