बस रूट, JSW रोजगार और LADA-LADF के मुद्दे डीसी के समक्ष उठाए, विधायक डॉ. जनक राज ने सौंपा ज्ञापन
भरमौर-पांगी की तीन प्रमुख समस्याओं पर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग; परियोजना प्रभावित परिवारों को रोजगार और लंबित वित्तीय लाभ दिलाने का मुद्दा उठाया
हिमाचल 84 टीवी | चंबा, 28 नवंबर
भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विधायक डॉ. जनक राज की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त चंबा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष धीरज नरयाल, प्रभारी रमेश राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बस रूटों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि बंद बस सेवाओं को दोबारा शुरू किया जाए, ताकि दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि परिवहन सुविधा की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसके अतिरिक्त जेएसडब्ल्यू पावर प्रोजेक्ट में परियोजना प्रभावित परिवारों के लंबित रोजगार के मामलों को भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मांग की कि पात्र प्रभावित परिवारों को उनके अधिकारों के अनुरूप रोजगार उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए।
वहीं, जल विद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों को एलएडीए (LADA) एवं एलएडीएफ (LADF) के तहत मिलने वाले लाभ और लंबित धनराशि का मुद्दा भी उपायुक्त के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को निर्धारित लाभ समय पर उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों और परियोजना प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्र है। यहां परिवहन सुविधाओं, रोजगार और जल विद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र के लोगों को उनका जायज हक मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त चंबा से आग्रह किया कि सभी मामलों को संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन के समक्ष उठाकर इनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं और लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सदन से लेकर प्रशासनिक स्तर तक प्रमुखता से उठाने का सिलसिला जारी रहेगा।
Dharwala, Chamba | Nov 28, 2026