*एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने ग्राम पंचायत तुंन्दाह में सुनीं जनसमस्याएं*
भरमौर, 28 नवंबर:
कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने आज भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुंन्दाह का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी विभिन्न मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सड़क , पेयजल , बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें ग्रामीणों द्वारा उनके समक्ष रखी गईं। ललित ठाकुर ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके समाधान को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निपटारे में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा लोगों को बेहतर एवं समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कृषि एवं बागवानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष लाकर उनका समाधान करवाना आवश्यक है, ताकि लोगों को अपने दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ललित ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत तुंन्दाह के प्रधान प्रशोतम कुमार, एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह, बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल, अनुसंधान अधिकारी अतुल शर्मा, सहायक अभियंता विद्युत विभाग अजय कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी विकास, सीडीपीओ मुनीश कुमार सहित जल शक्ति विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।