विधायक, महापौर और कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
---
विधायक श्रीमती कंचन तन्वे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव और कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने रविवार को मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय खंडवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट तथा पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां भर्ती बच्चों के परिजनों से सीधे चर्चा कर फीडबैक लिया। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान विधायक श्रीमती तनवे ने कहा कि कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कुपोषण मिटाने के लिए घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इस अवसर पर अस्पताल के स्टाफ को मरीजों के परिजनों से अच्छा व्यवहार करने की समझाइश दी।
इस दौरान महापौर श्रीमती यादव ने कहा कि इलाज के लिए दूर-दूर से लोग खंडवा के जिला अस्पताल में आते हैं। लोग भगवान के बाद डॉक्टर को ही जीवन रक्षक मानते हैं। अतः डॉक्टर का भी कर्तव्य है कि मरीज का बेहतर उपचार करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं से डॉक्टर और स्वास्थ्य कार्यकर्ता अच्छा व्यवहार करें और उन्हें जिला अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने उपस्थित डॉक्टर को निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उन्हें स्वस्थ करें। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ संजय दादू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ओ पी जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ अनिरुद्ध कौशल सहित अन्य चिकित्सक भी मौजूद थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Cmho Iec Khandwa
#khandwa
32 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Aug 30, 2026