"मुख्य मंत्री जन विश्वास अभियान" के तहत खंडवा में शिविर सम्पन्न
---
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश अनुसार प्रदेश में नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से "मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान" प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत रविवार को खंडवा नगर निगम के सिविल लाइन स्थित जोन कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओ का निराकरण किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, जिला पंचायत के नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्य वर्मा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने कहा कि सरकार ने समाज के सबसे गरीब एवं पिछड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर अनेको योजनाएं संचालित की हैं। सरकार की योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है । उन्होंने कहा कि आवश्यकता इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आने की है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का तो निराकरण किया ही जा रहा है, साथ ही उनका निशुल्क उपचार किया जा रहा है और विकलांगता प्रमाण पत्र आयुष्मान कार्ड पंजीयन और आधार पंजीयन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
महापौर श्रीमती यादव ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीबों के जीवन में खुशहाली लाना है। सरकार ने आवासहीनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की है। जिससे देश के करोड़ों गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों नागरिकों को सरकार मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं के जीवन में भी खुशहाली आई है। लाडली बहना योजना और लाडली लक्ष्मी योजना से महिलाओं का समाज में सम्मान बढ़ा है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर उपस्थित श्रमिकों से कहा कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ उठाएं, क्योंकि इस योजना से उन्हें पेंशन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज के शिविर में मरीजो के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ दिव्यांगों को विकलांगता प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीयन जैसी सुविधा भी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा का लाभ उठाएं। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें तथा साइबर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को कभी भी ओटीपी या पासवर्ड ना बताएं। उल्लेखनीय है कि आज आयोजित शिविर में नागरिकों के सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी से संबंधित आवेदनों का निराकरण भी किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई और "उद्यम संवाद" कार्यक्रम भी इस अवसर पर आयोजित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Department of Urban Development & Housing MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#khandwa
32 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Aug 30, 2026