जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पंचकूला में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को सुना। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई से लेकर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण तक जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। जनजातीय समाज ने अपनी परंपराओं, संस्कृति और मूल्यों के माध्यम से देश की पहचान को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष, अदम्य साहस और स्वाभिमान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए उनके संघर्ष को भी स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनजातीय समाज की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास की प्रत्येक योजना और पहल का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, ताकि जनजातीय समुदाय शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सके।
#panchkula #panchkulanews #panchkulasocialmedia #NayabSinghSaini #HaryanaNews