शहर कोतवाल का ट्रैफिक एक्शन, एक घंटे में दो दर्जन चालान
मुरैना। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शहर कोतवाल अमित भदौरिया देर शाम सड़कों पर उतरे। उन्होंने एमएस रोड से हनुमान चौराहे तक भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने करीब दो दर्जन चार पहिया वाहनों के चालान काटे। वहीं सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी मोटरसाइकिलों को सड़क किनारे लगवाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क पर वाहन गलत तरीके से खड़े नहीं करने की अपील की।
जीवाजी गंज क्षेत्र में पुलिस ने चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म भी उतरवाई और संबंधित वाहन चालकों के चालान किए। करीब एक घंटे चली कार्रवाई में लगभग 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शहर कोतवाल अमित भदौरिया ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने लोगों से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
#morena #मुरैना #पुलिस #यातायात