तेज हवा और बारिश से कच्चा मकान ढहा, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते रविवार की सुबह करीब 11 बजे धनीराम का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। खपरैल का मकान के धराशायी होने से घर में रखी खाट, भूसा समेत गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और खपरैल कमजोर हो गई थीं। हादसे के समय मकान में भैंस और बकरी बंधी हुई थीं। गनीमत रही कि दोनों पशु सुरक्षित बच गए। घटना में किसी व्यक्ति या पशु के घायल होने की सूचना नहीं है।
मकान गिरने की जानकारी होने पर परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा मलबे में दबे गृहस्थी के सामान को निकालने का प्रयास किया। घटना के बाद धनीराम का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
Rajatalab, Varanasi | Sep 27, 2026