तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवारों को रौंदा, फल विक्रेता समेत छात्र की मौत
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10 बजे महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक का पहिया दोनों के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भट्ठी निवासी छेदी फल वाले उर्फ उमर एवं अलावह की बड़ी मस्जिद के पास रहने वाले राशिद जमाल पुत्र अनवारुल हक, के रूप में हुई।
उमर फल का कारोबार करते थे और रोज की तरह शनिवार को साइकिल से मंडी फल खरीदने गए थे। केला व अन्य फल खरीदकर घर लौटते समय घर से करीब 800 मीटर दूर हादसे का शिकार हो गए। वहीं, छात्र राशिद भी साइकिल से घूमते हुए महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने पहुंचा था। इसी दौरान अकेलवा की ओर से चांदपुर जा रहे ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी।
घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर परिजनों को जानकारी दी और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। अब पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।