कोर्ट के आदेश पर ढाई महीने बाद ट्रक चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
वाराणसी की मिर्जामुराद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बुधवार देर रात करीब 11 .30 बजे ट्रक चोरी के मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने घटना के करीब ढाई महीने बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना चार जुलाई की बताई गई है। बता दे कि
रामनगर थाना के सिहावीर गोलाघाट, भीटी निवासी कैलाश यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि चार जुलाई को उनके ट्रक चालक राहुल विश्वकर्मा निवासी चकिया, चंदौली ने ट्रक को मिर्जामुराद बाजार से करीब 200 मीटर आगे सम्मो माता मंदिर के समीप एक गोदाम के पास खड़ा किया था।
कैलाश यादव के अनुसार, आठ जुलाई को जानकारी हुई कि ट्रक उक्त स्थान से गायब है। इसके बाद उन्होंने ट्रक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
अंततः न्यायालय की शरण लेने पर कोर्ट के आदेश से मिर्जामुराद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब मामले की जांच कर चोरी हुए ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।