भतसार में सेवा संकल्प अभियान के तहत अन्नप्राशन व गोद भराई कार्यक्रम आयोजित
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के भतसार गांव स्थित पंचायत भवन में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सेवा संकल्प अभियान के तहत अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशासक बृजेश पटेल रहे। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बृजेश पटेल ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी दी गई तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रेमशिला, तारावती, सुनीता, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।
👇👇