वाराणसी के गोसाईपुर शिव मंदिर से पीतल का घंटा चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के गोसाईपुर (बेसहूपुर) गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में गुरुवार की देर रात चोरों ने मंदिर का पीतल का घंटा काटकर चोरी कर लिया। शुक्रवार की सुबह करीब 06 बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मंदिर से घंटा चोरी होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, चोर देर रात मंदिर परिसर में पहुंचे और घंटा काटकर अपने साथ ले गए। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे तो घंटा गायब देखकर हैरान रह गए। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना जंसा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने पुलिस से मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि इसी मंदिर में बीते 4 सितंबर को भी चोरों ने दान पेटी चोरी कर ली थी। लगातार दूसरी चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है।