जेनी के आरोपों पर हरक सिंह रावत का तीखा पलटवार, बोले– भाजपा ने सुनियोजित तरीके से बुलाया, CBI पहले ही दे चुकी है क्लीन चिट!
देहरादून। जेनी के आरोपों के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूरे मामले को भाजपा की सुनियोजित राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि 23 साल पुराने मामले को दोबारा उठाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
हरक सिंह रावत ने दावा किया कि इस मामले में पहले ही सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण हो चुका है तथा जांच के बाद उन्हें क्लीन चिट मिली थी। उन्होंने कहा कि उस समय भी उन्होंने स्वयं सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट की मांग की थी और मंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामले की जांच पहले ही पूरी हो चुकी है तो 23 साल बाद इसे फिर से क्यों उठाया जा रहा है? हरक ने कहा कि संबंधित रिपोर्ट न्यायालय में पेश की गई थी और अब पुराने मामले को लेकर लगाए जा रहे आरोप न्यायपालिका पर सवाल खड़े करते हैं।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी और सीबीआई उसी के अधीन थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सुनियोजित तरीके से जेनी को सामने लाकर यह मुद्दा उठाया है।
राहुल गांधी, पेपर लीक और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के आंदोलनों का जिक्र करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि गांव-गांव तक पहुंच रही कांग्रेस से भाजपा घबराई हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को चुनौती देते हुए कहा कि जब तक इस सरकार को उखाड़कर नहीं फेंक देते, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
हरक सिंह रावत ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा गलत तथ्यों के आधार पर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया तो वह फिर से मानहानि का मुकदमा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर दोबारा डीएनए टेस्ट कराने को भी तैयार हैं।
इधर, जेनी ने एक बार फिर सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण की मांग उठाई है। ऐसे में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद यह मामला उत्तराखंड की राजनीति में फिर गरमा गया है। अब सबकी नजर इस पर है कि इस विवाद में आगे क्या कानूनी और राजनीतिक घटनाक्रम सामने आते हैं।
#HarakSinghRawat #JennyCase #UttarakhandPolitics #Congress #BJP #PushkarSinghDhami #Dehradun #UttarakhandNews